Chhattisgarh: मुठभेड़ में 25 लाख इनामी माओवादी रेणुका उर्फ बानु ढेर
चंडीगढ़, 31 मार्च (विश्व वार्ता) दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा पर सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ के दौरान एक महिला नक्सली को ढेर कर दिया गया. महिला नक्सली का शव बरामद कर लिया गया है, साथ ही नक्सलियों के पास से इंसास राइफल, गोला-बारूद और अन्य रोजमर्रा की वस्तुएं भी बरामद हुई हैं. यह मुठभेड़ उस समय हुई जब सुरक्षा बल नक्सल विरोधी अभियान पर थे और सुबह 9 बजे से गोलीबारी का सिलसिला शुरू हुआ.
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में मुठभेड़
दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा को छत्तीसगढ़ का सबसे संवेदनशील नक्सल प्रभावित इलाका माना जाता है. इससे पहले, 29 मार्च को सुकमा-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर भी 16 नक्सलियों को मार गिराया गया था. इसके अतिरिक्त, 20 मार्च को सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 30 माओवादियों को मार गिराया था, जिसमें से 26 दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा पर और 4 कांकेर में मारे गए थे.























