खुशखबरी: किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त आज हो सकती है ट्रांसफर
कैसे चेक करें लिस्ट में नाम ?
चंडीगढ़, 20 जून (विश्ववार्ता) किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त आज ट्रांसफर हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, पिछले मौकों की तरह इस बार भी पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों यह निधि ट्रांसफर की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री शुक्रवार को बिहार दौरे पर जा रहे हैं और उसी दौरान पीएम किसान सम्मान निधि ट्रांसफर करने का कार्यक्रम भी होगा।
19वीं किस्त जारी होने के बाद अब तक सभी किस्तों में किसानों को 3.68 करोड़ रुपये का लाभ दिया जा चुका है। 20वीं किस्त के लाभ से कोई किसान छूट न जाए, इसके लिए मई में नो योर कस्टमर (E-KYC) अभियान चलाया गया था, जो 31 मई तक चला था। शुक्रवार को पीएम मोदी सिवान को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देने जा रहे हैं। वहीं, 21 जून को पीएम मोदी विशाखापत्तनम में योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। बता दें कि केंद्र सरकार की इस योजना के तहत किसानों को हर साल 3 किस्तों में 6 हजार (प्रत्येक में 2000 रुपये) रुपये का लाभ दिया जाता है।
इस योजना का लाभ आपको मिलेगा या नहीं, खुद चेक कर सकते हैं। आपको सबसे पहले पीएम किसान योजना के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर Beneficiary List के ऑप्शन में जाना है। इसके बाद आपको अपना राज्य, जिला, उप जिला, ब्लॉक और गांव का चयन करना होगा। इसके बाद लाभार्थियों की लिस्ट ओपन होगी, जिसमें अपना नाम चेक कर सकते हैं।























