
पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर दिया बडा बयान
बड़े बदलाव पर खुलकर रखी अपनी बात
चंडीगढ, 7 जून (विश्ववार्ता) भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का मानना है कि श्रेयस अय्यर भारतीय टी20 टीम के कप्तान के रूप में सफल साबित होंगे। रोहित ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में आईपीएल में अय्यर की कप्तानी ने उन्हें बड़े स्तर पर नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार कर दिया है। हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने श्रेयस को टी20 टीम की कमान सौंपी है। इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव को कप्तानी की जिम्मेदारी से हटाया गया। भारत की नजर अब आगामी एशिया कप, 2028 ओलंपिक और टी20 विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंटों पर है।
टी20 मुंबई लीग के ब्रांड दूत रोहित ने शनिवार को कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि पिछले कुछ सालों में अपनी फ्रेंचाइजी के लिए उन्होंने जिस तरह से कप्तानी की है, उसे देखते हुए उनका समय अच्छा रहेगा. ” रोहित की कप्तानी में भारत ने 2024 में अपना दूसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता था. उन्होंने कहा कि मुंबई के क्रिकेटर के लिए कुछ भी आसानी से नहीं मिलता, लेकिन श्रेयस जानते होंगे कि कप्तानी ऐसी चीज है जिसे हासिल करना पड़ता है।
उन्होंने कहा, ‘‘देखिए, मुंबई में खेलना और मुंबई का प्रतिनिधित्व करना आपको बहुत कुछ सिखाता है. अगर आप हमसे पहले भारत या मुंबई की कप्तानी करने वाले किसी भी खिलाड़ी से पूछेंगे तो वे आपको यही बात बताएंगे. यहां कुछ भी आसानी से नहीं मिलता. मुझे पूरा यकीन है कि दूसरी जगहों पर भी ऐसा ही होता है. लेकिन यहां कुछ भी आसानी से नहीं मिलता, मैं सिर्फ मुंबई की बात कर रहा हूं।”
Rohit sharmas priceless reaction to shreyas iyer india new t20 captain























