
Weather Update: पंजाब और ट्राइसिटी में अगले 3 दिन मौसम रहेगा खराब
मौसम विभाग ने जारी किया बारिश और ओलों का अलर्ट
आज इन जिलों में बारिश की संभावना
चंडीगढ़, 18 मार्च, (विश्व वार्ता) पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। दो दिन पहले हुई बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आई थी, जिससे ठंड बढ़ गई थी। हालांकि सोमवार को मौसम साफ रहने के चलते दिन के तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। अब मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों तक राज्य में मौसम खराब रहेगा।
आज इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पंजाब के सात जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इनमें पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर (रोपड़), गुरदासपुर, अमृतसर, नवांशहर और मोहाली शामिल हैं। वहीं चंडीगढ़ में आज मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन कुछ स्थानों पर बादल छाए रह सकते हैं। विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पश्चिमी विक्षोभ बना कारण
मौसम में इस बदलाव का मुख्य कारण सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है। एक विक्षोभ पहाड़ों पर पहुंच चुका है, जबकि दूसरा उसके पीछे सक्रिय है। इसके अलावा हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में करीब 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर चक्रवाती घुमाव बना हुआ है। यही वजह है कि पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम अस्थिर बना हुआ है और अगले कुछ दिनों तक इसका असर जारी रहेगा। Weather Update:
अधिक समाचार पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: www.wishavwarta.in























