IPL-2025,Royal Challengers Bangalore के बल्लेबाजों को मैच में युजवेंद्र चहल की अगुवाई वाले Punjab King के स्पिन आक्रमण का डटकर करना होगा सामना
चहल और मैक्सवेल की चुनौती को कैसे झेलेगी विराट की RCB एंड कंपनी
चंडीगढ़, 18 अप्रैल (विश्व वार्ता)रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को अगर इंडियन प्रीमियर लीग के वर्तमान सत्र में अपने घरेलू मैदान पर पहली जीत दर्ज करनी है तो उसके बल्लेबाजों को शुक्रवार को यहां होने वाले मैच में युजवेंद्र चहल की अगुवाई वाले पंजाब किंग्स के स्पिन आक्रमण का डटकर सामना करना होगा।
आरसीबी के बल्लेबाजों को यहां की धीमी पिच पर गुजरात टाइटंस के आर साई किशोर तथा दिल्ली कैपिटल्स के कुलदीप यादव और विपराज निगम के सामने संघर्ष करना पड़ा था तथा चहल और ग्लेन मैक्सवैल उसकी इस कमजोरी का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। यही नहीं चहल और मैक्सवैल लंबे समय तक आरसीबी की तरफ से खेलते रहे हैं और यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 4 विकेट लेकर फॉर्म में लौटने वाले चहल का सामना करना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होता जबकि मैक्सवैल को बल्लेबाजी में खराब प्रदर्शन के बावजूद अंतिम एकादश में जगह मिलना तय है। चहल जादुई गेंदों के बजाय लैंथ के मास्टर हैं। यह लेग स्पिनर ऑफ-स्टंप के बाहर गेंद करके बल्लेबाजों को लंबे शॉट खेलने का लालच देता है जिससे कि वह सीमा रेखा के करीब कैच दे देते हैं। वह अपनी गति में भी काफी चतुराई से बदलाव करते हैं और यदि बल्लेबाजों को उनके खिलाफ छक्के मारने हैं तो उन्हें अतिरिक्त प्रयास करने की जरूरत होती है। मैक्सवैल भी एक ऐसा स्पिनर है, जो बड़े टर्न या डिपर्स के बजाय नियंत्रण पर भरोसा करता है।
























