IPL-2025 ” गेंदबाजों के दम पर मुंबई को मिली पहली जीत
अश्विनी कुमार चमके
चंडीगढ़, 1 अप्रैल (विश्व वार्ता) मुंबई इंडियंस (एमआई) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को आठ विकेट से हराकर जीत का खाता खोल लिया। सोमवार को वानखेड़े में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गत विजेता केकेआर ने 20 ओवर में 10 विकेट खोकर सिर्फ 116 रन बनाए थे। जवाब में मुंबई ने रेयान रिकेल्टन की अर्धशतकीय पारी की बदौलत महज 12.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर प्रशंसकों को चेहरे पर मुस्कान ला दी। इससे पहले गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स ने हराया था।
आईपीएल में यह मुंबई की केकेआर पर 24वीं जीत है। वहीं, वानखेड़े स्टेडियम पर एमाई ने 10वीं बार कोलकाता को मात दी है। 43 गेंदों के शेष रहते मुंबई ने जीत हासिल कर अंक तालिका में बड़ा उलटफेर कर दिया है। दो अंक और 0.309 के नेट रन रेट के साथ मुंबई छठे पायदान पर पहुंच गई जबकि केकेआर 10वें स्थान पर लुढ़क गई। उनका खाते में दो अंक जरूर हैं लेकिन केकेआर का नेट रन रेट -1.428 हो गया। आईपीएल 2025 की अंक तालिका में शीर्ष पर फिलहाल आरसीबी है जिसने अपने दोनों मैचों में जीत के साथ चार अंक हासिल किए हैं। उनका नेट रन रेट भी +2.266 का है।
























