चंडीगढ़, 31 मार्च (विश्व वार्ता) हरियाणा के हिसार के अतंर्गत अग्रोहा के महाराजा अग्रसेन मोडिकल कॉलेज परिसर में सोमवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण किया।
शाह ने कहा कि प्राथमिक से लेकर उच्चतर स्तर तक स्वास्थ्य ढांचे में सुधार किया गया है। वह यहां अग्रोहा स्थित महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज परिसर में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने नवनिर्मित गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) का उद्घाटन किया और स्नातकोत्तर छात्रवास की आधारशिला रखी। शाह ने विभिन्न क्षेत्रों में मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की कई पहल पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। शाह ने कहा कि गरीबों के लिए चार करोड़ घर बनाए गए हैं, जिससे 20 करोड़ लोगों को आश्रय मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 81 करोड़ से अधिक लाभाíथयों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रत्येक घर में शौचालय उपलब्ध कराने के केंद्र सरकार के फैसले पर भी चर्चा की।