
मिडिल ईस्ट संकट के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने की ‘मन की बात’ …
कहा- युद्ध के बीच अफवाहों से बचें, एकजुट होकर चुनौती का सामना करें
चंडीगढ़, 29 मार्च, (विश्व वार्ता) पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध पर गहरी चिंता जताई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच वहां रहने वाले भारतीयों को दी गई मदद के लिए खाड़ी देशों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि भारत वैश्विक ईंधन संकट का डटकर सामना कर रहा है। अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में, PM मोदी ने राजनीतिक दलों और नागरिकों से अपील की कि वे पश्चिम एशिया संघर्ष का राजनीतिकरण न करें और अफवाहें फैलाने से बचें। pm modi in 132nd mann ki baat avoid rumors amid war stay united
पीएम मोदी ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर इस संघर्ष के असर पर भी जोर देते हुए कहा कि यह क्षेत्र भारत की ईंधन जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा, “जिस क्षेत्र में युद्ध चल रहा है, वह हमारी ऊर्जा जरूरतों का एक बड़ा केंद्र है, जिसकी वजह से दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल का संकट पैदा हो रहा है। भारत अपने वैश्विक संबंधों, अलग-अलग देशों से मिली मदद और पिछले एक दशक में अपनी बनाई क्षमताओं की बदौलत इन चुनौतियों का डटकर सामना कर रहा है।”
‘गलत जानकारी पहुंचा सकती है नुकसान’
सामूहिक जिम्मेदारी का आह्वान करते हुए प्रधानमंत्री ने नागरिकों से एकजुट रहने और इस मुद्दे का राजनीतिकरण न करने का आग्रह किया। उन्होंने अफवाहें फैलने के प्रति आगाह करते हुए कहा कि गलत जानकारी से राष्ट्रीय हितों को नुकसान पहुंच सकता है और लोगों से अपील की कि वे केवल सरकार की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “यह निस्संदेह एक चुनौतीपूर्ण समय है। ‘मन की बात’ के माध्यम से मैं एक बार फिर नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे एकजुट रहें और इस चुनौती का सामना करें। जो लोग इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं, उन्हें इससे बचना चाहिए, क्योंकि यह 140 करोड़ नागरिकों के हितों से जुड़ा मामला है। इसमें स्वार्थ-साधन वाली राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है। जो लोग अफवाहें फैला रहे हैं, वे देश को बहुत नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसलिए मैं सभी से अपील करता हूं कि वे सतर्क रहें और गलत जानकारियों से गुमराह न हों।”
अधिक समाचार पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: www.wishavwarta.in






















