पंजाब सरकार ने धान के चल रहे खरीद सीजन के दौरान 2.92 लाख किसानों के खातों में 11,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की: लाल चंद कटारूचक्क
पिछले 72 घंटों के दौरान धान की ढुलाई का आंकड़ा 83 प्रतिशत तक पहुंचा
चंडीगढ़, 22 अक्टूबर (विश्ववार्ता);- मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के किसान समुदाय के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार प्रत्येक खरीद सीजन के दौरान खरीदी गई फसल के बदले किसानों के खातों में तत्काल भुगतान सुनिश्चित करती है।
इसका प्रमाण यह है कि धान के मौजूदा खरीद सीजन के दौरान अब तक 2,92,814 किसानों की फसल खरीदी जा चुकी है और उनके खातों में 11,767.46 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।
आज यहां विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान खरीद प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री श्री लाल चंद कटारूचक्क ने बताया कि पिछले 72 घंटों के दौरान धान की ढुलाई की दर 83 प्रतिशत रही है। मंत्री को अवगत कराया गया कि बीती शाम तक राज्य की मंडियों में कुल 56.08 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हुई, जिसमें से 54.61 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है और 34.28 लाख मीट्रिक टन धान की ढुलाई हो चुकी है।
किसानों द्वारा अपने खून-पसीने से पैदा की गई फसल के प्रत्येक दाने की खरीद के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों (डीएफएससी) से भी बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की फर्जी खरीद न होने दी जाए और दूसरे राज्यों से फसल लाकर राज्य की मंडियों में बेचने की अनुमति न दी जाए।
इस अवसर पर मंत्री को बताया गया कि राशन किटों के वितरण में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है और दूसरी तिमाही के दौरान अब तक कुल 29 लाख किटें वितरित की जा चुकी हैं। मंत्री ने अधिकारियों को इस कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अन्य लोगों के अलावा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के प्रमुख सचिव राहुल तिवारी, निदेशक वरिंदर कुमार शर्मा, विशेष सचिव कमल कुमार गर्ग, पनसप के प्रबंध निदेशक बी. श्रीनिवासन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. अंजुमन भास्कर तथा महाप्रबंधक (वित्त) सर्वेश कुमार भी उपस्थित थे।























