
Haryana Rajya Sabha Election Result: दो सीटों पर भाजपा और कांग्रेस ने हासिल की जीत
कांग्रेस को जीत के लिए करनी पड़ी काफी मशक्कत , भाजपा हैट्रिक से चूकी
चंडीगढ़, 17 मार्च, (विश्व वार्ता)Haryana Rajya Sabha Election Result हरियाणा की राज्यसभा की दो सीटों के लिए सोमवार को वोटिंग हुई, जिसके नतीजे सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि डेढ़ बजे सामने आए। देर रात तक चली गिनती में एक सीट बीजेपी को मिली है तो वहीं एक सीट कांग्रेस को मिली है।बता दें कि वोटिंग की प्रक्रिया सोमवार की शाम को चार बजे खत्म हो गई थी. लेकिन रात के साढ़े नौ बजे तक गिनती नहीं हो पाई थी।
राज्यसभा की इन दोनों सीटों पर हुए चुनाव में जहां भाजपा निर्दलीय उम्मीदवार के दम पर जीत की हैट्रिक लगाने से चूक गई, वहीं पिछले दो राज्यसभा चुनाव में हुई हार का कलंक धोने में कांग्रेस कामयाब हो गई। कांग्रेस की इस जीत को विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा की जीत माना जा रहा है।
कर्मवीर बौद्ध वैसे तो राहुल गांधी के उम्मीदवार थे और अधिकतर कांग्रेस विधायक उन्हें पसंद नहीं कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस में हुई क्रास वोटिंग के बावजूद कर्मवीर बौद्ध चुनाव जीत गए। 90 सदस्सीय विधानसभा में कुल 88 वोट पड़े। इनेलो के दो विधायकों अर्जुन सिंह चौटाला और अदित्य देवीलाल चौटाला ने वोट नहीं डाले।
भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया के समर्थन में 33 वोट पड़े। हालांकि संजय भाटिया को जीत के लिए 31 मतों की जरूरत थी, लेकिन भाजपा ने मजबूत रणनीति के तहत उन्हें 33 वोट डलवाए, ताकि अगर कोई वोट रद होती तो संजय भाटिया की जीत पर कोई विपरीत असर नहीं पड़ता। कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री अनिल विज की वोट रद करने के लिए रिटर्निंग अधिकारी को शिकायत दी थी।
इसी तरह भाजपा की ओर से कांग्रेस के भरत सिंह बेनीवाल और परमवीर सिंह के वोट रद करने की शिकायत दी गई थी। केंद्रीय चुनाव आयोग के पास यह शिकायतें पहुंची तो अनिल विज और भरत सिंह बेनीवाल की वोट वैलिड घोषित की गई, जबकि परमवीर सिंह की वोट रद कर दी गई।
भाजपा के संजय भाटिया को 33 मत मिलने के बाद कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध को 28 वोट मिले। भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को 25 मत मिले, जो कि रिकार्ड हैं। Haryana Rajya Sabha Election Result
अधिक समाचार पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: www.wishavwarta.in























