
Haryana Police का 24 घंटे का महाअभियान: 24 घंटों मे कुल इतने अपराधियों को दबोचा
नशा नेटवर्क पर करारा प्रहार
जघन्य अपराधियों और अवैध हथियारों पर सख्त कार्रवाई
चंडीगढ़, 29 दिसंबर: Haryana Police प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में हरियाणा पुलिस ने बीते 24 घंटों में एक व्यापक और निर्णायक अभियान चलाते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। राज्यभर में की गई इस कार्रवाई के दौरान 37 जघन्य अपराधियों सहित कुल 285 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत यह अभियान संगठित अपराध, नशा तस्करी, अवैध हथियार, साइबर अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर सीधा और प्रभावी प्रहार साबित हुआ है।
Haryana Police
गंभीर आपराधिक मामलों में लिप्त तत्वों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने हत्या, लूट और डकैती जैसे अपराधों में शामिल 37 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही लंबे समय से फरार चल रहे 6 उद्घोषित अपराधियों को भी पकड़कर न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में लाया गया।
अवैध हथियारों की रोकथाम के लिए की गई कार्रवाई में आर्म्स एक्ट के तहत 8 मुकदमे दर्ज किए गए तथा 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 6 देसी कट्टे/पिस्टल, 28 जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद कर संभावित आपराधिक घटनाओं को समय रहते टाल दिया।
Haryana Police
नशामुक्त हरियाणा के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत 14 मुकदमे दर्ज किए और 26 तस्करों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 31 किलो गांजा, 16 ग्राम हेरोइन, 32 ग्राम स्मैक, 13 किलो डोडा पोस्त, 135 प्रतिबंधित गोलियां, एक कार, दो मोटरसाइकिल तथा ₹50,000 नकद बरामद किए गए। यह कार्रवाई नशे के संगठित नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत 10,725 चालान किए गए। यह कार्रवाई केवल दंडात्मक नहीं बल्कि नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और जिम्मेदार व्यवहार को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम कदम रही।
Haryana Police
हरियाणा पुलिस ने यह भी सिद्ध किया कि उसकी भूमिका केवल कानून प्रवर्तन तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट में आमजन की सहायता करना भी उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। डायल-112 पर प्राप्त 3,588 कॉल्स में से 3,130 पर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल 102 व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई। इसके अतिरिक्त, कड़ाके की ठंड में 544 जरूरतमंद व बेसहारा लोगों को भोजन व सहायता उपलब्ध कराई गई। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए रात के समय 384 नाके लगाए गए, जहां 4,740 पुलिसकर्मी और 1,500 पेट्रोलिंग वाहन तैनात रहे। Haryana Police
जिलावार प्रदर्शन: गुरुग्राम, नूंह और करनाल अग्रणी
जिलावार प्रदर्शन में गुरुग्राम पुलिस ने सर्वाधिक 53 अपराधियों को गिरफ्तार कर प्रभावी कार्रवाई की। नूंह पुलिस ने 33 आरोपियों की गिरफ्तारी कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। करनाल पुलिस ने नशा तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल करते हुए 12 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया। वहीं हिसार से 10 किलोग्राम और पलवल से साढ़े सात किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। फरीदाबाद में 31 अपराधी गिरफ्तार किए गए, जबकि पलवल और जींद पुलिस ने क्रमशः 16 और 14 आरोपियों को पकड़ा।
शराब तस्करी पर सख्त शिकंजा
हांसी क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांव नाड़ा के पास एक वाहन से 176 पेटी (कुल 2112 बोतल) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। इस मामले में कोथ खुर्द निवासी विकास उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया गया, जो शराब संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि अवैध शराब नेटवर्क की पूरी कड़ी का खुलासा किया जा सके।
अंतरराज्यीय अपराध पर प्रभावी कार्रवाई
हरियाणा पुलिस ने अंतरराज्यीय अपराधों के विरुद्ध भी सख्त रुख अपनाते हुए महाराष्ट्र में एटीएम से छेड़छाड़ कर लूट की वारदात में वांछित आरोपी जकरिया को नूंह से गिरफ्तार किया। महाराष्ट्र पुलिस से प्राप्त इनपुट के आधार पर की गई इस कार्रवाई में वारदात में प्रयुक्त अर्टिगा कार भी बरामद की गई। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र पुलिस के सुपुर्द किया गया है, जो राज्यों के बीच समन्वय और साझा कार्रवाई का सशक्त उदाहरण है।
साइबर हेल्पलाइन 1930: जनता की कमाई की सुरक्षा ढाल
हरियाणा पुलिस की त्वरित और तकनीकी कार्रवाई के चलते साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है। साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज 293 शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रिपोर्ट की गई ₹1.38 करोड़ की ठगी में से 45.1 प्रतिशत यानी ₹62,35,205 की राशि समय रहते होल्ड करवाई। इसके अतिरिक्त 20 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ ₹77,62,500 की राशि पीड़ितों को वापस दिलाई गई। भविष्य में अपराध रोकने के लिए 712 मोबाइल नंबर, 67 आईएमईआई नंबर ब्लॉक किए गए तथा 32 भ्रामक सोशल मीडिया लिंक टेक-डाउन कराए गए।
अधिक समाचार पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: www.wishavwarta.in























