

Haryana को कल मिलेगी दो बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे लोकार्पण
परियोजनाओं से एनसीआर को लाभ होगा और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा-CM Saini
चंडीगढ़, 16 अगस्त: (विश्ववार्ता) Haryana के सड़क ढांचे को नई गति देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल, 17 अगस्त को राज्य को दो बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं के तहत, सोनीपत और बहादुरगढ़ को जोड़ने वाले लगभग ₹2,000 करोड़ की लागत से दो नए 4-लेन संपर्क मार्ग बनाए गए हैं, जिनसे क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी। आज एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री दिल्ली के रोहिणी से ₹11,000 करोड़ की कुल लागत वाली 6 सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनमें से दो Haryana से संबंधित हैं। इन परियोजनाओं से एनसीआर क्षेत्र को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी और व्यापार-उद्योग को गति मिलेगी।
Haryana CM ने कहा कि ये परियोजनाएं एनसीआर में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं। पहला मार्ग: ₹1,490 करोड़ की लागत से बना 29.6 किमी लंबा यह मार्ग सोनीपत को सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा और NH-44 पर ट्रैफिक कम करेगा। दूसरा मार्ग: ₹487 करोड़ की लागत से बना 7.3 किमी का मार्ग दिल्ली के दिचाऊं कलां को सीधे बहादुरगढ़ और केएमपी एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा।
Haryana CM ने कहा कि इन परियोजनाओं से औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने हरियाणा के लोगों की ओर से इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर नमन किया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति की परिभाषा बदल दी और विपक्ष में रहते हुए भी मर्यादा बनाए रखी। उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अटल जी के व्यवहार और आचरण से विपक्ष की भूमिका सीखनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की भी शुभकामनाएं दीं।
Read more news: https://wishavwarta.in/hindi/






















