Haryana News: आम जनता को लगा झटका
बढ़ी बिजली दरें, देखें नया टैरिफ
चंडीगढ़, 2 अप्रैल (विश्व वार्ता) हरियाणा में आम जनता को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (HERC) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बिजली दरों में संशोधन किया है। बिजली की ये नई दरें 1 अप्रैल 2025 से लागू हो गई हैं. इस वृद्धि का असर आम जनता के साथ ही औद्योगिक और कृषि क्षेत्र के उपभोक्ताओं पर भी पड़ेगा. घरेलू और औद्योगिक उपयोगकर्ताओं के लिए 20 से 30 पैसे प्रति किलो वाट घंटे की वृद्धि की है।
नई टैरिफ व्यवस्था के तहत 300 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं से कोई निश्चित शुल्क नहीं लिया जाएगा, जो पहले 115 से 125 रुपये तक विभिन्न श्रेणियों में लिया जाता था। इसके अतिरिक्त, बल्क उपभोक्ताओं के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग का कहना है कि राज्य में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरें अभी भी पड़ोसी राज्यों के मुकाबले सबसे कम हैं।
घरेलू उपभोक्ताओं को लोड के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा गया है। कुल उपभोक्ताओं में लगभग 78 प्रतिशत लोग 2 किलोवाट तक लोड वाले हैं, 16 प्रतिशत 2 से 5 किलोवाट तक के हैं, और केवल 6 प्रतिशत उपभोक्ताओं का लोड 5 किलोवाट से अधिक है।
स्लैब में बदलाव करते हुए, 151-250 यूनिट खपत को बढ़ाकर 151 से 300 यूनिट किया गया है। वहीं, 251 से 500 यूनिट की सीमा को बदलकर 301 से 500 यूनिट कर दिया गया है, और 501 से 800 यूनिट वाले स्लैब को अब 500 यूनिट से ऊपर का एक स्लैब माना जाएगा। 500 यूनिट से अधिक खपत करने वाले उपभोक्ताओं के लिए कोई अतिरिक्त मूल्य वृद्धि नहीं की गई है।
























