
राज्य की मंडियों में से 123.20 लाख मीट्रिक टन गेहूं की हुई खरीद – Harchand Singh Barsat
— पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन ने बताया – मंडियों में 123.50 लाख मीट्रिक टन गेहूं की हुई आमद
एस.ए.एस. नगर (मोहाली), 11 मई, 2026 (सतीश कुमार पप्पी ) – रबी सीजन 2026-27 अंतिम चरण में पहुंच गया है और राज्य की मंडियों में गेहूं की खरीद प्रक्रिया के कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में मंडियों में किए गए पुख्ता प्रबंधों के चलते अब तक 123.20 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है और किसानों को फसल की अदायगी भी उनके बैंक खातों में की जा रही है। यह विचार पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन स. हरचंद सिंह बरसट की ओर से व्यक्त किये गये।
इस संबंध में जानकारी देते हुए स. बरसट ने बताया कि अब तक मंडियों में 123.50 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आमद हुई है, जिसमें से 123.20 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है। सरकारी एजेंसियों की ओर से 121.61 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है, जिसके तहत पनग्रेन द्वारा 39,90,264 मीट्रिक टन, एफ.सी.आई. द्वारा 2,55,561 मीट्रिक टन, मार्कफेड द्वारा 31,25,455 मीट्रिक टन, पनसप द्वारा 28,30,814 मीट्रिक टन, वेयर हाउस द्वारा 19,58,799 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है। इसके साथ ही प्राइवेट स्तर पर 1,59,172 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है। Harchand Singh Barsat
चेयरमैन ने बताया कि मंडियों से 97.16 लाख मीट्रिक टन गेहूं की लिफ्टिंग हो चुकी है। किसानों को लगभग 29,932 करोड़ रुपये की अदायगी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 10 मई को राज्य की मंडियों में 29,394 मीट्रिक टन गेहूं की आमद हुई और 33,605 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है, जबकि 3.07 लाख मीट्रिक टन गेहूं की लिफ्टिंग हुई है। रबी सीजन 2026-27 के दौरान 2585 रुपये से लेकर 2660 रुपये प्रति क्विंटल तक गेहूं की खरीद हुई है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी है। सीजन के दौरान राज्य की मंडियों में गेहूं के खरीद के कार्यों को सुचारू ढंग से चलाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मंडियों में साफ-सफाई, पीने वाला पानी, बाथरूम, छाया, बैठने आदि के किए गए उचित प्रबंधों के चलते किसानों, आढ़तियों, मजदूरों समेत किसी को भी कोई समस्या नहीं आने दी गई है। स. हरचंद सिंह बरसट ने आढ़तियों, मजदूरों, किसानों, मंडी बोर्ड/मार्केट कमेटियों, विभिन्न एजेंसियों के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का धन्यवाद किया, जिन्होंने मंडियों में खरीद कार्यों को सुचारू ढंग से चलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
अधिक समाचार पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: www.wishavwarta.in






















