मंडियों में धान की आमद और खरीद का कार्य सुचारू ढंग से जारी – Harchand Singh Barsat
पंजाब के गोदामों में पड़े अनाज को जल्द उठाए केंद्र सरकार –Barsat
अब तक राज्य की मंडियों में 14.86 लाख मीट्रिक टन धान की आमद और 13.90 लाख मीट्रिक टन फसल की हुई खरीद
एस.ए.एस. नगर (मोहाली), 09 अक्टूबर (सतीश कुमार पप्पी) – पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की ओर से खरीफ खरीद सीजन 2026-27 के मद्देनजर राज्य की सभी मंडियों में धान की खरीद के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं, ताकि किसानों, आढ़तियों और मजदूरों को फसल की खरीद के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पंजाब सरकार द्वारा मंडियों में किसानों की सुविधा और खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने की ओर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह विचार पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन स. हरचंद सिंह बरसट की ओर से आज खरीद कार्यों का जायजा लेने के बाद व्यक्त किये गये।
उन्होंने कहा कि दूसरी ओर, केंद्र की मोदी सरकार द्वारा पंजाब के गोदामों में पड़े अनाज की शिफ्टिंग न किए जाने के कारण नई फसल की स्टोरेज को लेकर समस्याएं पैदा हो सकती हैं। धान के खरीद सीजन के दौरान बड़ी मात्रा में फसल मंडियों में पहुंचती है, जिसकी खरीद के बाद उसके रख-रखाव और स्टोरेज के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होना बहुत जरूरी है। यदि गोदामों में पहले से पड़े अनाज को नहीं उठाया जाएगा, तो नई फसल के स्टोरेज सबंधी चुनौतियां बढ़ सकती हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि पंजाब के गोदामों में पड़े अनाज को जल्द से जल्द उठाया जाए।
स. बरसट ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के किसानों की फसल की खरीद को सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए वचनबद्ध है और मंडियों में खरीद कार्यों की निरंतर समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि वीरवार तक राज्य की सभी मंडियों में 14.86 लाख मीट्रिक टन धान की आमद हो चुकी है, जिसमें से 13.90 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है, जबकि 13.70 लाख मीट्रिक टन धान की सरकारी स्तर पर खरीद की गई है। इसके तहत पनग्रेन द्वारा 5,61,824 मीट्रिक टन, एफ.सी.आई. द्वारा 1,542 मीट्रिक टन, मार्कफेड द्वारा 3,94,764 मीट्रिक टन, पनसप द्वारा 2,49,075 मीट्रिक टन और वेयरहाउस द्वारा 1,63,013 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है और 2.37 लाख मीट्रिक टन धान की लिफ्टिंग हुई है। बीते वीरवार को 2,78,291 मीट्रिक टन धान की आमद हुई, जबकि 2,76,234 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। paddy arrival and purchase in the markets continues smoothly
उन्होंने बताया कि पंजाब में 1,886 मंडियां घोषित की गई हैं, जहां साफ-सफाई, बिजली, पीने योग्य पानी, शौचालय, छाया और बैठने आदि के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों, आढ़तियों और मजदूरों सहित किसी को भी कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके साथ ही फसल की आवक को देखते हुए 93 अस्थायी खरीद केंद्र भी बनाए गए हैं। उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब मंडी बोर्ड के मुख्त दफ्तर में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। किसान अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम के टेलीफोन नंबर 0172-5101649 और 0172-5101704 पर संपर्क कर सकते हैं, ताकि उन्हें पेश आने वाली समस्याओं का जल्द से जल्द निपटारा किया जा सके।
………………………
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/






















