
पिंजौर मे युवा कपड़ा कारोबारी की हत्या मामले मे DCP सृष्टि गुप्ता का बडा एक्शन
पिंजौर थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से किया सस्पेंड
DCP सृष्टि गुप्ता ने दी चेतावनी
पूरे पंचकूला में पुलिस कर्मियों के तबादले
पंचकूला, 7 जून (विश्ववार्ता) पंचकूला के पिंजौर में भरे बाजार एक युवा कपड़ा कारोबारी की हत्या किए जाने के बाद जिले की डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। डीसीपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए और कानून व्यवस्था बनाए रखने में लापरवाही पाए जाने पर पिंजौर के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बच्चू सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही पिंजौर थाना में तैनात अन्य पुलिस स्टाफ का भी तबादला किया गया है। Panchkula Pinjore SHO suspended dcp srishti gupta action after murder
न सिर्फ थाना पिंजौर के प्रभारी और पुलिस स्टाफ को बदला गया है बल्कि पूरे जिले में विभिन्न थानों और पुलिस चौकियों में तैनात पुलिस कर्मियों को इधर से उधर किया गया है। मसलन डीसीपी ने बड़ी कार्रवाई के तहत व्यापक स्तर पर पंचकूला पुलिस में फेरबदल किया है। डीसीपी के अनुसार, पुलिस प्रशासन द्वारा विभिन्न इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों एवं अधिकारियों की नई तैनाती कर कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा जवाबदेह बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है।
इस बड़े फेरबदल के साथ ही डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने पंचकूला के सभी थाना प्रभारियों और कर्मियों स्पष्ट चेतावनी भी दी है. डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या कार्य में शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस बल में समय-समय पर आवश्यक प्रशासनिक बदलाव किए जाते हैं ताकि व्यवस्था को अधिक चुस्त, सक्रिय और जवाबदेह बनाया जा सके।
पिंजौर में लाठी-डंडों से हमला कर युवक को मार डाला
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को पंचकूला के पिंजौर में कपड़ा कारोबारी के बेटे की दिनदहाड़े बीच बाजार हत्या कर दी गई थी। अचानक आए हमलावरों ने दुकानदार को उसकी स्कॉर्पियो कार से नीचे घसीटकर उसके सिर-चेहरे, पेट व पीठ पर डंडे-लाठियों और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। हमलावर इस वारदात को चंद सेंकडों में ही अंजाम देकर फरार हो गए थे। हालांकि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और इसके बाद कुछ ही घंटो में आरोपी हमलावरों को दबोचने में सफलता हासिल कर ली गई। पुलिस ने जानकारी दी कि कार विवाद को लेकर पुरानी रंजिश के चलते इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/























