Weather Update News: मौसम विभाग ने पंजाब के मौसम को लेकर जारी की भविष्यवाणी
कई जिलों में आसमानी बिजली गिरने और तेज़ आंधी-तूफान की चेतावनी
चंडीगढ़, 3 जून (विश्व वार्ता) देश भर मे मौसम अब की बार खूब अठखेलिया कर रहा है और कही बाढ तो कही तूफान ने जीवन को अस्त व्यस्त किया हुआ है वही पंजाब के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। बीते दिनों कई जगहों पर चली तेज़ आंधी और उसके बाद हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। लेकिन आज सुबह से एक बार फिर कई इलाकों में धूप निकल आई है और लोगों के फिर से पसीने छूट रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने एक नई चेतावनी जारी की है।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 2.5 डिग्री तक की गिरावट देखी गई है। हालांकि बठिंडा में तापमान अब भी 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि राज्य में सबसे अधिक है। बठिंडा को छोडक़र बाकी सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज पंजाब भर में बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग का कहना है कि 3 और 4 जून को राज्य के कई हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिलेगा। इसके साथ ही कई जिलों में आसमानी बिजली गिरने और तेज़ आंधी-तूफान की चेतावनी भी दी गई है। विभाग की ओर से आज बठिंडा, मुक्तसर, फाजिल्का और मानसा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, एसएएस नगर (मोहाली), पटियाला, संगरूर, मोगा, बर्नाला, फरीदकोट और फिरोजपुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।






















