
यात्रीगण ध्यान दें: कोहरे ने रोकी उड़ानों की राह
वाराणसी और काठमांडू जाने वाले चार विमान लखनऊ डायवर्ट
चंडीगढ, 2 नवंबर (विश्ववार्ता) वाराणसी और काठमांडू में सुबह खराब मौसम और घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से इंडिगो, हिमालय एयरलाइंस और फ्लाईदुबई के चार विमानों को लखनऊ एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विमानों में कोई तकनीकी खराबी या आपात स्थिति नहीं थी। मौसम सामान्य होने के बाद इन्हें गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा।
वाराणसी और काठमांडू में सोमवार सुबह मौसम खराब होने और घने कोहरे के चलते दृश्यता कम होने से चार विमानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। इनमें वाराणसी जाने वाली इंडिगो की दो उड़ानें और काठमांडू जाने वाली हिमालय एयरलाइंस व फ्लाईदुबई की एक-एक उड़ान शामिल हैं। अचानक हुए इस बदलाव से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी विमान में तकनीकी खराबी या आपात स्थिति नहीं थी।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, बेंगलुरु से वाराणसी जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-6558 सुबह 7:20 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी। वहीं, दिल्ली से वाराणसी जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-6246 ने सुबह 7:05 बजे लखनऊ में लैंडिंग की।
इसके अलावा चीन के हांगझोऊ से काठमांडू जा रही हिमालय एयरलाइंस की उड़ान संख्या एच-9226 सुबह 7:40 बजे लखनऊ पहुंची। दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या एफजेड-8399 को भी लखनऊ डायवर्ट किया गया। यह विमान सुबह 8:18 बजे एयरपोर्ट पर उतरा।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, वाराणसी और काठमांडू में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण विमानों को लखनऊ डायवर्ट किया गया। किसी भी विमान में तकनीकी खराबी नहीं थी और न ही कोई आपात स्थिति उत्पन्न हुई। मौसम सामान्य होने और दृश्यता में सुधार के बाद विमानों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/





















