
केदारनाथ में लगातार भारी बर्फबारी! सफेद चादर में लिपटा बाबा केदार का धाम
चंडीगढ, 2 नवंबर (विश्ववार्ता) Kedarnath snowfall केदारनाथ धाम में रात्रि एवं तड़के दोबारा बर्फबारी होने से पूरी केदारपुरी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है। बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियां और चारों ओर फैली सफेदी धाम के प्राकृतिक सौन्दर्य को और भी मनमोहक बना रही है। बर्फबारी के बीच भी श्रद्धालुओं में बाबा केदारनाथ के दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
श्रद्धालु आस्था और उमंग के साथ बाबा के दर्शन कर रहे हैं तथा धाम के दिव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण के साथ यहां के अद्भुत प्राकृतिक सौन्दर्य का आनन्द ले रहे हैं। बर्फबारी रुकने के बाद श्रद्धालुओं के श्री केदारनाथ धाम पहुंचने का सिलसिला निरन्तर जारी है। श्रद्धालु पैदल मार्ग, घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी एवं हैलीकॉप्टर के माध्यम से धाम पहुंचकर बाबा केदारनाथ के दर्शन कर रहे हैं। बढ़ती ठंड और बर्फीले मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दे रही है।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/























