
असत्य पर सत्य की जीत का पर्व दशहरा आज, दशहरा पर्व को लेकर चंडीगढ पुलिस ने जारी की एडवाईजरी
दशहरे की शाम पुलिस की लोगों अपील
चंडीगढ 20 अक्तूबर, 2026 (विश्ववार्ता) Dussehra Traffic Advisory 2026: दशहरा यानि विजयादशमी का उत्सव आज मनाया जा रहा है. इस दिन रावण दहन होगा. जगह-जगह रामलीला मंचन के साथ रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले जलाए जाएंगे और देखने वाले लोग भारी संख्या में पहुंचेंगे। चंडीगढ़ में भी रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटने वाले हैं। जिससे मार्गों पर भीड़ का दबाव बढ़ेगा और आवाजाही प्रभावित होगी. जहां इसी को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने शहर के कुछ ख़ास मार्गों पर ट्रैफिक को डायवर्ट/नियंत्रित किये जाने को लेकर एडवाइजरी जारी की है. चंडीगढ़ में दशहरे की शाम हैवी ट्रैफिक रहने की संभावना है।
दरअसल, चंडीगढ़ में सेक्टर 17 परेड ग्राउंड, सेक्टर 34 ग्राउंड और सेक्टर 46 ग्राउंड में बड़े स्तर पर दशहरे के उत्सव का आयोजन हो रहा है. जहां पुलिस ने इन तीनों जगहों पर ही शाम 5 बजे से 7 बजे तक दशहरा उत्सव के दौरान ट्रैफिक को डायवर्ट और नियंत्रित किये जाने अथवा वाहनों की पार्किंग को लेकर पहले से ही एडवाइजरी जारी करते हुए अलर्ट कर दिया है. चंडीगढ़ पुलिस ने शहर के लोगों से खासतौर से अपील भी की है कि, लोग जारी की एडवाइजरी का पालन करें और अपने वाहनों को अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही सही ढंग से पार्क करें।
सेक्टर-17 दशहरा उत्सव में कहां पार्क करें वाहन?
चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सेक्टर-17 दशहरा उत्सव के दौरान सेक्टर 22-ए मार्केट पार्किंग क्षेत्र, सेक्टर 22-बी मार्केट पार्किंग क्षेत्र, सेक्टर 17 फुटबॉल ग्राउंड की पार्किंग, सेक्टर 17 नीलम सिनेमा के आसपास की पार्किंग और सेक्टर 17 बस स्टैंड से सटे पार्किंग क्षेत्र में लोग अपने वाहनों को पार्क कर सकते हैं. इसके अलावा क्षेत्र में भीड़भाड़ कम करने के लिए 17/18 लाइट पॉइंट, अरोमा लाइट पॉइंट, सेक्टर 18/19/20/21 चौक और क्रिकेट स्टेडियम चौक से ISBT सेक्टर 17 चौक की ओर आने वाले ट्रैफिक को शाम 5 बजे से शाम 7 बजे तक डायवर्ट/रेगुलेट किया जाएगा. हालांकि इस दौरान इन रास्तों पर केवल बसों को चलने की अनुमति होगी।
वहीं चंडीगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दशहरे की शाम वे अपने वाहनों का उपयोग करने के बजाय आस-पास के बाजारों, नजदीकी गंतव्यों आदि तक पैदल जाने का प्रयास करें. वे कार पूलिंग पर भी विचार कर सकते हैं. लोग यह जरूर सुनिश्चित करें कि वाहन निर्दिष्ट पार्किंग स्थलों में कुशलतापूर्वक पार्क किए गए हों और आवश्यकता से अधिक स्थान का उपयोग न किया जा रहा हो।
लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने वाहनों को ‘नो पार्किंग’ जोन/सड़कों पर पार्क न करें अन्यथा ऐसे वाहनों को टो किया जाएगा/क्लैंप किया जाएगा. लोग अपने वाहनों को साइकिल ट्रैक/पैदल यात्री मार्ग पर पार्क न करें और न ही वहां चलाएं. यदि किसी का वाहन टो किया जाता है/क्लैंप किया जाता है, तो कृपया ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 1073 पर संपर्क करें. लोग भीड़भाड़ की स्थिति में धैर्य बनाए रखें।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/






















