Punjab: परमिंदर झोटा मर्डर केस: विरोध में आज पंजाब बंद
– आज सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा पंजाब बंद
मानसा, चंडीगढ 16 अक्तूबर, 2026 (विश्ववार्ता) एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में आज, 15 अक्टूबर को पंजाब बंद बुलाया गया है। बंद सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान हॉस्पिटल, मेडिकल स्टोर, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस जैसी ज़रूरी इमरजेंसी सर्विस को छूट दी गई है।
पठानकोट, गुरदासपुर और जालंधर में स्कूल और कॉलेज बंद हैं। इसके अलावा, मार्केट और हाईवे भी बंद रखने का ऐलान किया गया है। परमिंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे आज अपनी गाड़ियां सड़कों पर न निकालें। पंजाब बंद को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC), शिरोमणि अकाली दल, कांग्रेस, अकाली दल (वारिस पंजाब) और भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) समेत कई संगठनों ने सपोर्ट किया है।
परमिंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को मानसा में हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि ड्रग तस्करी का विरोध करते समय मेडिकल स्टोर के मालिक अश्विनी कुमार ने फेसबुक लाइव ब्रॉडकास्ट के दौरान उन्हें गोली मार दी थी। पुलिस ने आरोपी अश्विनी कुमार को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद प्रशासन ने उनके घर और मेडिकल स्टोर को भी बुलडोजर से गिरा दिया था।
झोटा के पिता भीम सिंह ने अपने बेटे का शव लेने से इनकार कर दिया है। परिवार हत्या की जांच सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) से कराने की मांग कर रहा है। परिवार का कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिल जाता, अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/























