लोकसभा चुनाव के नतीजों से पहले आम आदमी को बड़ा झटका लगा
देशभर में बढ़े अमूल दूध के दाम
चंडीगढ़, 3 जून (विश्ववार्ता) लोकसभा चुनाव के नतीजों से पहले आम आदमी को बड़ा झटका लगा है। अब अमूल ब्रांड के तहत मिल्क प्रोडक्ट्स की बिक्री करने वाले गुजरात कॉपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन ने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाने की घोषणा की है। अमूल दूध खरीदना अब महंगा हो जाएगा। अमूल की नई कीमतों के मुताबिक, अमूल गोल्ड 500 एमएल दो रुपये प्रति लीटर बढ़कर 33 रुपये का हो गया है।
अमूल ब्रांड के तहत दूध और डेयरी उत्पादों का विपणन जीसीएमएमएफ करती है। जीसीएमएमएफ के प्रबंधन निदेशक जयन मेहता ने कहा कि अमूल ब्रांड के तहत सभी प्रकार के दूध की कीमत में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। पिछली बार जीसीएणएमएफ ने दूध की कीमत फरवरी 2023 में बढ़ाई थी। मेहता ने कहा कि किसानों को उनकी बढ़ी हुई उत्पादन लागत की भरपाई के लिए यह वृद्धि जरूरी है।
ताजा बढ़ोतरी के साथ 500 मिलीलीटर अमूल भैंस दूध, 500 मिलीलीटर अमूल गोल्ड दूध और 500 मिलीलीटर अमूल शक्ति दूध जैसे दूध की संशोधित कीमतें क्रमश:36 रुपये, 33 रुपये और 30 रुपये हैं। जीसीएमएमएफ ने एक बयान में कहा, दो रुपये प्रति लीटर की वृद्धि से एमआरपी में 3-4 फीसदी की वृद्धि होती है, जो औसत खाद्य महंगाई से काफी कम है। यह ध्यान देने योग्य है कि फरवरी 2023 से अमूल ने प्रमुख बाजारों में ताजा पाउच दूध की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की है। दूध के संचालन और उत्पादन की समग्र लागत में वृद्धि के कारण कीमतों में वृद्धि की जा रही है।























