
साउथ सिनेमा से एक और दुखद खबर आई सामने
मशहूर मिमिक्री आर्टिस्ट और एक्टर अब इस दुनिया में नहीं रहे
चंडीगढ़, 2 अगस्त (विश्व वार्ता) मलयालम फिल्म अभिनेता और मिमिक्री आर्टिस्ट कलाभवन नवास (Kalabhavan Navas) का 51 साल की उम्र में निधन हो गया। शुक्रवार शाम कोच्चि के चोट्टानिकारा स्थित एक होटल में एक्टर मृत पाए गए। पीटीआई के अनुसार, होटल के कर्मचारियों ने उन्हें बेहोशी की हालत में पाकर अधिकारियों को सूचित किया। पीटीआई को दी गई पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, कलाभवन को पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनका निधन कैसे हुआ इसके बारे में कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस को संदेह है कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया होगा। मौत की सही वजह जानने के लिए शनिवार को कलामस्सेरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जाएगा। उसके बाद उनका शव उनके परिवार को सौंपा जाएगा। फिलहाल, कलाभवन का शव छोटानिक्करा के एसडी टाटा अस्पताल में है।






















