
‘रोज की धमकियों को नजरअंदाज कर निष्पक्ष तरीके से काम कीजिये: चुनाव आयोग
आप सोचते हैं कि बच जाएंगे, ये आपकी गलतफहमी है -सांसद राहुल गांधी
चंडीगढ़, 2 अगस्त (विश्व वार्ता)कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पिछले 9 दिनों में चुनाव आयोग के अधिकारियों को दूसरी बार धमकाया है। शुक्रवार को संसद से बाहर निकलने पर राहुल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि चुनाव आयोग वोटों की चोरी करा रहा है। हमारे पास एटम बम है। जब फटेगा तो चुनाव आयोग बचेगा नहीं।
चुनाव आयोग में जो भी वोट चुराने का काम कर रहे हैं, उन्हें हम छोड़ेंगे नहीं। आप हिंदुस्तान के खिलाफ काम कर रहे हैं, जो देशद्रोह है। आप कहीं भी हों, चाहे आप रिटायर ही क्यों न हो जाएं, हम आपको ढूंढ निकालेंगे।
इससे पहले 24 जुलाई को राहुल ने कहा था कि मैं चुनाव आयोग को एक मैसेज देना चाहता हूं। अगर आपको लगता है कि आप इससे बच निकलेंगे, अगर आपके अधिकारी सोचते हैं कि वे बच जाएंगे, तो ये आपकी गलतफहमी है। हम आपको बच के जाने नहीं देंगे।’
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा, “चुनाव आयोग खुद वोट चोरी में शामिल है और हमारे पास इसके पुख्ता सबूत हैं।” उन्होंने कहा कि “MP और महाराष्ट्र के चुनावों में हमें शक हुआ था, और महाराष्ट्र में तो एक करोड़ नए वोटर जोड़ दिए गए।”
राहुल गांधी का दावा है कि जब उनकी पार्टी ने वोटर लिस्ट मांगी, वीडियोग्राफी की मांग की, तो चुनाव आयोग ने ना सिर्फ सहयोग नहीं किया, बल्कि “वीडियोग्राफी से जुड़ा कानून ही बदल दिया गया” उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग ये सब बीजेपी के लिए कर रहा है। इस पर कोई शक नहीं है।”
यह पहला मौका नहीं है जब चुनाव आयोग और विपक्षी पार्टियों में टकराव हुआ हो। लेकिन इस बार राहुल गांधी ने सीधे तौर पर आयोग की निष्ठा और निष्पक्षता पर सवाल उठाया है। जबकि आयोग ने बिना नाम लिए साफ संदेश दे दिया है कि वह अपने अधिकारियों और पूरी चुनाव प्रक्रिया के साथ मजबूती से खड़ा है।






















