
करोडों किसानों का इंतजार खत्म
किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त की डेट आई सामने
चंडीगढ़, 31 जुलाई (विश्ववार्ता) प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 20वीं किस्त 2 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से राष्ट्र को संबोधित करते हुए जारी करेंगे। इस अवसर पर पूरे देश में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में इस संबंध में तैयारियों की समीक्षा की गई।
चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ने के लिए देशभर के 731 कृषि विज्ञान केंद्र (KVKs), 100 से अधिक ICAR संस्थान और सभी कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति वर्चुअली शामिल होंगे।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि यह महाअभियान केवल किस्त वितरण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि किसानों को जागरूक करने और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने कहा कि 20वीं किस्त के तहत लगभग 9.7 करोड़ किसानों को करीब 20,500 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।























