
IPL-2025, Lucknow ने बिगाड़ा प्लेऑफ का समीकरण
लखनऊ ने टेबल टॉपर गुजरात को 33 रनों से धोया
ओ’रूर्क ने झटके 3 विकेट
चंडीगढ़, 23 मई (विश्व वार्ता) आईपीएल 2025 के 64वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 33 रन से हराकर प्लेऑफ की रेस में खुद को मजबूती दी। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में मिचेल मार्श ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अपने IPL करियर का पहला शतक जड़ा और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस हार के साथ गुजरात की टॉप-2 में बने रहने की उम्मीदें अब अन्य टीमों के नतीजों पर टिक गई हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत जबरदस्त रही। मिचेल मार्श ने 64 गेंदों में 117 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 9 चौके शामिल रहे। उन्होंने 17वें ओवर में शतक पूरा कर IPL 2025 में शतक लगाने वाले पहले विदेशी बल्लेबाज का गौरव हासिल किया। उनके साथ निकोलस पूरन ने 27 गेंदों पर नाबाद 56 रनों की तूफानी पारी खेली। ऋषभ पंत ने भी अंत में 6 गेंदों पर नाबाद 16 रन जोड़े। लखनऊ ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 235 रन बनाए।