हरियाणा के अंबाला में दो बच्चियों की निर्मम हत्या का मामला आया सामने
जताई जा रही हत्या की आशंका
चंडीगढ, 31 जुलाई (विश्ववार्ता) हरियाणा के अंबाला शहर में आज सुबह दो बच्चियों की निर्मम हत्या कर दी गई है। परिजनों को दोनों बच्चियां अचेत अवस्था में मिली थीं। जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो वहां उन्हें मरा हुआ बताया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई में जुट गई।
दरअसल वाल्मीकि बस्ती में पिता सोनू ने बताया कि वह एक फैक्टरी में मजदूरी का काम करते हैं। उनका एक जानकार रुपये के लेनदेन को लेकर सुबह घर पर बहस करने आया था। इसके बाद वह अपने काम पर निकल गए। कुछ देर बाद छोटे बेटे सौरभ का फोन आया कि घर में दोनों बहनें अचेत पड़ी हुई हैं।
घर जाकर देखा तो 11 वर्षीय योगिता और 6 वर्षीय अनामिका की सांस नहीं चल रही थी। इसके बाद पुलिस को सूचना की और बच्चियों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।इसके बाद मामले की जांच में जुट गई है। बताया जाता है कि योगिता कक्षा तीसरी की छात्रा थी तो अनामिका पहली कक्षा में पढ़ रही थी। जांच में बच्चियों के गर्दन पर निशान मिले तो मुंह से खून निकल रहा था। पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पड़ताल कर रहे हैं।
बता दें कि कुछ दिन पहले अंबाला जिले के नारायणगढ़ में रिटायर्ड फौजी ने अपने ही भाई के पूरे परिवार को खत्म कर दिया था। नारायणगढ़ इलाके में उसने मां-भाई समेत 6 लोगों की निर्मम हत्या कर दी। यह घटना नारायणगढ़ थाना के अंतर्गत आने वाले गांव पीर माजरी के पास डेरे की थी। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद रात को ही शवों को जलाने का प्रयास किया था। एसपी अंबाला सुरेंद्र सिंह ने बताया था कि यह मामला जमीन के रास्ते के विवाद का था। आरोपी भूषण ने अपने ससुराल वालों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।






















