भारत ने पाकिस्तान पर बरकरार रखा वल्र्ड कप में जीतने का दबदबा
हासिल की टी20 विश्व कप में सातवीं जीत
चंडीगढ, 10 जून: (विश्ववार्ता) भारत ने पाकिस्तान पर टी20 विश्व कप में सातवीं जीत दर्ज कर ली। यह किसी चमत्कार से कम नहीं था कि महज 119 रन पर सिमटने के बाद भारत ने पाकिस्तान को 120 रन का लक्ष्य छूने नहीं दिया और छह रन से जीत हासिल कर ली। प्लेयर ऑफ द मैच जसप्रीत बुमराह चार ओवर में सिर्फ 14 रन देकर तीन विकेट लेते हुए भारतीय जीत के नायक बने। पाकिस्तान को एक समय 30 गेंद में 37 रन चाहिए थे और उसके छह विकेट शेष थे, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने 30 रन देते हुए पाकिस्तान को सात विकेट पर 113 रन के योग पर सीमित कर दिया। टी-20 विश्व कप के आठ मुकाबलों में भारत की यह पाकिस्तान पर सातवीं और वनडे-टी-20 विश्व कप को मिलाकर 16 मुकाबलों में भारत की पाकिस्तान पर यह 15वीं जीत है। पाकिस्तान की यह टी20 विश्व कप 2024 में लगातार दूसरी हार है।
जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी
मैच में बुमराह ने एक बार फिर अपनी गेंदबाजी से साबित कर दिया कि क्यों उन्हें दुनिया के सबसे बेस्ट गेंदबाज माना जाता है बुमराह ने मैच में 4 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट लिए. अपनी गेंदबाजी के दौरान बुमराह ने बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और इफ्तिखार अहमद को आउट करने में सफलता हासिल की, बुमराह को उनकी कमाल की गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया.
मोहम्मद रिजवान का आउट होना
मैच में रिजवान ने संभल कर बल्लेबाजी की थी. जब तक रिजवान क्रीज पर थे, तब तक भारत की टीम पर हार का खतरा मंडरा रहा था. रिजवान की पारी ने पाकिस्तान के लिए मैच को बना दिया था. लेकिन जसप्रीत बुमराह ने 15वें ओवर की पहली ही गेंद पर रिजवान को बोल्ड कर भारत के लिए जीत की उम्मीद जगा दी. रिजवान के आउट होते ही पाकिस्तान पर हार का खतरा मंडराने लगा था. रिजवान ने मैच में 44 गेंद पर 31 रन की पारी खेली थी. जब रिजवान आउट हुए तो उस समय पाकिस्तान का स्कोर 14.1 ओवर में 80 रन था.























