
पंजाब के ग्रामीण इलाकों में केंद्रीय बल तैनात करे निर्वाचन आयोग: जाखड़
— राज्य में शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में चुनाव करवाने के लिए प्रदेश भाजपा प्रधान ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखा पत्र
चंडीगढ, 24 मई (विश्ववार्ता)पंजाब भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि एक जून को प्रदेश की 13 लोकसभा सीटों पर होने वाले मतदान के लिए ग्रामीण इलाकों में केंद्रीय बलों को तैनात किया जाए। साथ ही मतदान के दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई जाए। इसके लिए उन्होंने पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र भी लिखा है। पत्र में जाखड़ ने मांग की है कि शांतिपूर्वक और भयमुक्त माहौल में मतदान करवाने लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए जाएं।
उन्होंने लिखा है कि किसानों की आड़ में कुछ शरारती तत्व और विपक्षी दल के कार्यकर्ता भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को निशाना बना रहे हैं और उन पर हमला कर रहे हैं। ज्यादातर ग्रामीण इलाकों में ऐसी घटनाएं हो रही हैं। हालात इतने बदतर हो गए हैं कि भाजपा के उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मतदाताओं में भय और चिंता बढ़ गई है।
जाखड़ ने पत्र में लिखा कि उन्हें राज्य के कई ग्रामीण क्षेत्रों से पार्टी के उम्मीदवारों, कार्यकर्ताओं और जनता को धमकाने, प्रताड़ित करने और उन पर हमले की शिकायतें मिली हैं। इन घटनाओं से न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा हुआ है, बल्कि ऐसे माहौल में लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भी असर पड़ सकता है।
जाखड़ ने कहा कि राज्य के ग्रामीण इलाकों में हाल ही में ऐसी कई घटनाएं हुई हैं जहां किसानों के प्रदर्शन की आड़ लेकर अपराधी तत्वों ने पार्टी के उम्मीदवारों की बैठकों में बाधा डाली गई। भाजपा उम्मीदवारों को ग्रामीण इलाकों में घुसने तक नहीं दिया गया और उन्हें प्रचार करने से भी रोका गया। यहां तक कि जनता और पार्टी के कार्यकर्ताओं को शुक्रवार को पटियाला में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में भाग लेने से रोकने का भी प्रयास किया गया। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निवार्चन अधिकारी से सख्त कदम उठाने की मांग की, ताकि लोग बेखौफ मतदान कर सकें।
जाखड़ ने लिखा कि इसके अलावा, माज के गरीब और कमजोर वर्गों को मतदान से रोकने के लिए उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। इसलिए चुनाव आयोग काे उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए ताकि वे भी लोकतंत्र के महापर्व में भाग ले सकें और बिना दबाव के वोट डाल सकें। जाखड़ ने चुनाव आयोग कुछ सुझाव भी दिए।
1. पंजाब के ग्रामीण एवं संवेदनशील क्षेत्रों में केंद्रीय बलों को तैनात किया जाए।
2. मतदाताओं और उम्मीदवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंजाब पुलिस को निर्देश जारी किए जाएं।
3. गरीब और कमजोर वर्गों की सुरक्षा के लिए विशेष उपाय किए जाएं और उन्हें गांवों से होते हुए सुरक्षित मार्ग उपलब्ध करवाया जाए, ताकि वे बिना किसी रुकावट के मतदान केंद्रों तक पहुंच सकें।
4. ग्राम स्तर पर पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाए।
5. इन क्षेत्रों में माइक्रो पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की जाए।
6. मतदान के दिन उपद्रवी और प्रदर्शनकारी कोई व्यवधान या रुकावट पैदा न कर सकें, इसके लिए इंतजाम किए जाएं।
7. सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी मतदाता को उसके वोट देने के संवैधानिक अधिकार का प्रयोग करने से न रोका जाए।
8. संपूर्ण मतदान प्रक्रिया की 100% वीडियोग्राफी करवाई जाए।
9. ग्रामीण क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करवाया जाए।























