Punjab Crime: शराब की दुकान के कर्मचारी की गोली मारकर हत्या
बठिंडा, 29 सितंबर (विश्व वार्ता): जिले के बीबी वाला गांव में अज्ञात हमलावरों ने शराब की दुकान पर काम करने वाले एक कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान सोलन सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह काफी समय से बीबी वाला स्थित शराब की दुकान पर कर्मचारी के तौर पर काम कर रहा था। सोमवार को जब वह दुकान पर मौजूद था, तभी अज्ञात लोगों ने उस पर गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि तीन गोलियां चलाई गईं, जिनमें से दो सोलन सिंह को लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। Liquor shop employee shot dead
पुलिस ने दुकान के अंदर कैश वाले बैग की भी जांच की। सूत्रों के मुताबिक, बैग में कोई कैश नहीं मिला, जिससे लूट की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस हत्या के साथ इस पहलू की भी जांच कर रही है। मौके से गोलियों के तीन खाली खोल बरामद हुए हैं। पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है।
कैंट पुलिस स्टेशन के एक्टिंग SHO गुरप्यार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश के लिए इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/






















