पंजाब के इस जिले मे हुई बडी वारदात, पत्नी और 12 साल की बेटी की हत्या, घटना के बाद पति फरार
बटाला, 26 सितंबर (विश्व वार्ता) – बटाला में एक आदमी द्वारा अपनी पत्नी और 12 साल की बेटी की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी दोनों के शव घर के अंदर छोड़कर मेन गेट पर ताला लगाकर भाग गया। मृतकों की पहचान 40 साल की बबली और उसकी 12 साल की बेटी तमन्ना के रूप में हुई है।
घटना का पता तब चला जब बबली का भाई उससे मिलने घर पहुंचा। मेन गेट पर ताला लगा होने पर वह ताला तोड़कर अंदर घुसा तो देखा कि मां-बेटी के शव सीढ़ियों के पास पड़े हैं। परिवार के मुताबिक, दोनों के गले पर गंभीर चोट के निशान थे और बबली के सिर पर भी वार किया गया था। परिवार का आरोप है कि दोनों की हत्या चाकू से की गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी जसविंदर मसीह ड्रग्स का आदी था और ड्रग्स के लिए पैसे मांगता था और पैसे न मिलने पर अपनी पत्नी को पीटता था। बताया गया है कि घटना से पहले तमन्ना ने रात में अपने मामा को फोन करके घर में लड़ाई होने की जानकारी दी थी।
बटाला के DSP सुखिंदर सिंह ने कहा कि परिवार वालों के बयान के आधार पर जसविंदर मसीह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी अभी फरार है और पुलिस टीमें उसे गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं। मामले की जांच जारी है।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/
























