UGC NET Result 2026 OUT, यूजीसी-नेट का रिजल्ट जारी
दिल्ली, 29 अगस्त, 2026 (विश्ववार्ता) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शुक्रवार देर रात यूजीसी नेट का रिजल्ट जारी कर दिया। एजेंसी ने बताया कि 84 विषयों के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। इस परीक्षा में शामिल होने वाले 4,000 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”84 विषयों की परीक्षा में शामिल हुए 6.07 लाख अभ्यर्थियों में से 97,000 से अधिक ने पीएचडी में दाखिले के लिए और 4,000 से अधिक ने जेआरएफ के लिए अर्हता हासिल की है।” उम्मीदवार अपने एप्लीकेशन नंबर के जरिए आधिकारिक वेबसाइट https://ugcnet.nta.nic.in पर लॉग इन कर सकते हैं और अपना स्कोरकार्ड हासिल कर सकते हैं।
एनटीए ने इस साल जून में अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का आदेश दिया था। यह फैसला एक विशेषज्ञ समिति को प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग, अनुवाद और भाषा संबंधी गलतियां मिलने के बाद किया गया था। इन विषयों की परीक्षा सितंबर में होने वाली है। एनटीए ने बताया है कि अगर इन विषयों की परीक्षा देने वाले लोग रिजल्ट चेक करते हैं तो इनवैलिड पासवर्ड का मैसेज आ सकता है।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/
























