India vs Afghanistan पहला ODI: इंडिया ने अफगानिस्तान को हराया
गुरनूर-हर्ष ने डेब्यू मैच में मिलकर रचा इतिहास
दिल्ली, 14 जून, 2026 (विश्ववार्ता) इंडिया और अफगानिस्तान के बीच पहला ODI धर्मशाला में खेला गया, जिसमें इंडिया ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब सीरीज का दूसरा मैच 17 जून को लखनऊ में खेला जाएगा।
आज यहां खेले गए मैच में इंडिया ने टॉस जीतकर बॉलिंग करने का फैसला किया। टॉस दोपहर 1:00 बजे होना था लेकिन बारिश की वजह से 4 घंटे 15 मिनट की देरी हुई। जिसके बाद मैच 25-25 ओवर का खेला गया।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए अफगानिस्तान की टीम 24.5 ओवर में 194 रन पर ऑल आउट हो गई। रहमानुल्लाह गुरबाज ने 48 गेंदों में 102 रन बनाकर अपना नौवां ODI शतक बनाया।195 रन के टारगेट का पीछा करते हुए भारत ने 22.5 ओवर में 3 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 84 रन बनाए, जबकि केएल राहुल 39 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा, ईशान किशन ने 34 रन बनाए।
भारत के लिए, डेब्यू करने वाले हर्ष दुबे और गुरनूर बरार ने 3-3 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह और नीतीश कुमार रेड्डी ने 2-2 विकेट लिए।
वनडे में सिर्फ तीसरी बार किसी फुल मेंबर टीम की तरफ से हुए ये कमाल
ऐसा काफी कम ही देखने को मिला है कि इंटरनेशनल क्रिकेट में एक साथ दो खिलाड़ियों को किसी मुकाबले में डेब्यू करने का मौका मिला है और वह दोनों ही गेंदबाज हैं। वहीं गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने अपने डेब्यू मुकाबले में जैसे ही 3-3 विकेट हासिल किए उसके साथ वह वनडे इतिहास में फुल मेंबर्स टीमों में सिर्फ तीसरी ऐसी जोड़ी बने जो एक ही मैच में डेब्यू करते हुए कम से कम तीन या उससे अधिक विकेट लेने में कामयाब हुए हैं। इससे पहले साल 1971 में जनवरी महीने में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में एशले मैलेट और कीथ स्टैकपोल को डेब्यू का मौका मिला था जिसमें दोनों ने 3-3 विकेट हासिल किए थे। इसके अलावा साल 1997 में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज की तरफ से कॉलिन क्रॉफ्ट और जोएल गार्नर ने डेब्यू करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए थे। वहीं फुल मेंबर्स और एसोसिएट देशों को मिलाकर देखा जाए तो ऐसा वनडे में सिर्फ 7वीं बार देखने को मिला है।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/
























