कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां, पंजाब गौ सेवा आयोग के वाइस चेयरमैन कीमती भगत द्वारा संचालित गौ हॉस्पिटल एवं गौशाला, फेज-1, मोहाली का किया दौरा
गौ हॉस्पिटल एवं गौशाला, फेज-1, मोहाली के कार्यों की सराहना
चंडीगढ, 6 जून (सतीश कुमार पप्पी) पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री सरदार हरदीप सिंह मुंडियां, पंजाब गौ सेवा आयोग
के वाइस चेयरमैन श्री कीमती भगत तथा पार्षद एवं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. सन्नी आहलूवालिया ने गौ ग्रास सेवा समिति द्वारा संचालित गौ हॉस्पिटल एवं गौशाला, फेज-1, मोहाली का दौरा किया।
दौरे के दौरान उन्होंने गौशाला एवं गौ हॉस्पिटल में गौवंश की देखभाल, चिकित्सा सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा समिति द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने गौवंश के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और समर्पित भाव से की जा रही सेवा की सराहना करते हुए कहा कि गौ सेवा एक महान पुण्य कार्य है और समाज को ऐसे प्रयासों में बढ़-चढ़कर सहयोग करना चाहिए।
समिति के अध्यक्ष सुधीर कुमार गोयल ने उन्हें जानकारी देते हुए बताया समिति द्वारा 01 अगस्त 2023 से आज तक 1485 गौवंश को उपचार हेतु गौ हॉस्पिटल एवं गौशाला में रेस्क्यू करके लाया जा चुका है तथा ठीक हो चुके गौवंश को अलग अलग स्थानीय गौशालाओं में भेज दिया जाता है। आज समिति उपचार अधीन 215 गौवंश की पूरी तन्मयता से यहां पर सेवा संभाल कर रही है। इसके साथ साथ समिति लिफ्ट ऑपरेटेड दो एंबुलेंस तथा हेल्पलाइन नंबर 7380273902 की सहायता 24/7 दुर्घटनाग्रस्त, जख्मी एवं बीमार गौवंश की सेवा संभाल के कार्य में निरंतर लगी है। समिति की पंजाब का पहला सभी प्रकार की सुविधाओं वाला 24/7 मल्टी स्पेशलिस्ट गौ हॉस्पिटल तथा एक बड़ी गौशाला बनाने की योजना है, जिसमें मोहाली की सड़कों से सभी बेसहारा गौवंश को लाकर रखा जाएगा। इस पुण्य कार्य के लिए समिति को जगह की आवश्यकता है। कैबिनेट मंत्री ने समिति के सदस्यों को पूर्ण आश्वासन दिया कि वह सरकार से गौ हॉस्पिटल तथा गौशाला के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध करवाने के साथ साथ काऊ सैस में से सरकार के नियम अनुसार आर्थिक सहायता भी प्रदान करवाना का प्रयास करेंगे।
इस शुभ अवसर पर सभी अतिथियों ने गौ माता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए गौ पूजन, गौ आरती तथा तुला दान किया। साथ ही गौवंश को हरे चारे, तूड़ी, चोकर, शक्कर, गुड़, फल एवं सब्जियों से तैयार विशेष पौष्टिक केक खिलाया तथा गौ माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समिति की पूरी टीम द्वारा आए सभी अतिथियों का स्वागत तथा भगवान कृष्ण का चित्र भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/
























