
Khelo Chandigarh Games 2026 का भव्य समापन समारोह संपन्न
समारोह में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
चंडीगढ़, 2 जून (विश्ववार्ता) भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के खेल प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित “Khelo Chandigarh Games 2026 ” का भव्य समापन समारोह पंजाब यूनिवर्सिटी, सेक्टर-25 स्थित कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों तथा गणमान्य अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद एस.पी. सिंह बघेल उपस्थित रहे। वहीं हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने समारोह की गरिमा बढ़ाई।
मंच पर भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा, चंडीगढ़ के प्रथम नागरिक मेयर सौरभ जोशी, प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी, संजीव राणा एवं शक्ति प्रकाश देवशाली, पंजाब यूनिवर्सिटी की वाइस चांसलर प्रोफेसर रेनू विग, डायरेक्टर स्पोर्ट्स राकेश मलिक तथा खेल प्रकोष्ठ के संयोजक प्रभजीत सिंह लांबा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समापन समारोह के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया तथा अपनी-अपनी प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर उपस्थित अतिथियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि एस.पी. सिंह बघेल ने भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के खेल प्रकोष्ठ को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि जिस प्रकार के कार्यों की अपेक्षा सामान्यतः खेल मंत्रालय से की जाती है, उसी प्रकार का सराहनीय और दूरदर्शी कार्य भाजपा चंडीगढ़ का खेल प्रकोष्ठ कर रहा है। उन्होंने कहा कि खेलो चंडीगढ़ गेम्स जैसा विशाल आयोजन अन्य राजनीतिक दलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा और उन्हें भी युवाओं के लिए ऐसे सकारात्मक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है और स्वस्थ मस्तिष्क ही एक सशक्त, समृद्ध एवं विकसित राष्ट्र का निर्माण करता है। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। Khelo Chandigarh Games 2026
हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि खेलो चंडीगढ़ गेम्स का आयोजन वास्तव में प्रशंसनीय एवं अनुकरणीय पहल है। उन्होंने कहा कि आज के खिलाड़ी ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं और देश का भविष्य इन्हीं युवाओं के हाथों में सुरक्षित है। खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सर्वोत्तम माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों में जोश भरते हुए कहा कि वे निरंतर खेल गतिविधियों में भाग लेते रहें, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें तथा देश और समाज का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है और राष्ट्र को भविष्य के चैंपियन प्राप्त होते हैं।
भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने अपने संबोधन में पंजाब यूनिवर्सिटी की वाइस चांसलर प्रोफेसर रेनू विग एवं डायरेक्टर स्पोर्ट्स राकेश मलिक का विशेष रूप से धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग, मार्गदर्शन एवं समन्वय के बिना इस विशाल आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न करना संभव नहीं था। उन्होंने खेल प्रकोष्ठ के संयोजक प्रभजीत सिंह लांबा की सराहना करते हुए कहा कि खेलो चंडीगढ़ गेम्स की परिकल्पना और प्रस्ताव सबसे पहले उन्होंने ही रखा था, जिसके परिणामस्वरूप आज यह आयोजन हजारों युवाओं को एक मंच प्रदान करने में सफल हुआ है। Grand closing ceremony of Khelo Chandigarh Games 2026 concluded
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 2652 खिलाड़ियों ने पंजीकरण करवाया और विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने चंडीगढ़ की जनता से अपील करते हुए कहा कि जहां भी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हों, वहां पहुंचकर खिलाड़ियों का मनोबल अवश्य बढ़ाएं, क्योंकि दर्शकों का उत्साह खिलाड़ियों के प्रदर्शन को नई ऊर्जा प्रदान करता है।
राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने अपने संबोधन में कहा कि भारत आज विश्व मंच पर खेल, शिक्षा, विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए गए हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम आज पूरे देश में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है और खेल युवाओं को अनुशासित, आत्मनिर्भर तथा राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे खेल भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर भारत को विश्व की अग्रणी खेल शक्तियों में स्थापित करने के संकल्प को आगे बढ़ाएं।
कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं, खेल भावना को प्रोत्साहित करने तथा स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/























