पंजाब राज्य की मंडियों में से 123.47 लाख मीट्रिक टन गेहूं की हुई खरीद – Harchand Singh Barsat
रबी सीजन 2026-27 के दौरान सरकारी एजेंसियों द्वारा 121.74 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद
— पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन ने सीजन के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा तनदेही से ड्यूटी निभाने की सराहना की
एस.ए.एस. नगर (मोहाली), 20 मई 2026 ( ) – पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन स. हरचंद सिंह बरसट ने बताया कि रबी सीजन 2026-27 के दौरान पंजाब राज्य की मंडियों में गेहूं की खरीद का कार्य सुचारू ढंग से चलाया गया। सीजन के दौरान मंडियों में किए गए पुख्ता प्रबंधों के चलते खरीद कार्यों को अच्छे ढंग से चलाया जा सका है और किसानों, आढ़तियों व मजदूरों को किसी भी प्रकार की समस्या पेश नहीं आने दी गई।
उन्होंने बताया कि इस बार राज्य की मंडियों में से सरकारी एजेंसियों तथा निजी स्तर पर कुल 123.47 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है। सरकारी एजेंसियों ने 121.74 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की है, जिसके तहत पनग्रेन द्वारा 39,94,602 मीट्रिक टन, एफ.सी.आई. द्वारा 2,58,350 मीट्रिक टन, मार्कफैड द्वारा 31,28,227 मीट्रिक टन, पनसप द्वारा 28,32,109 मीट्रिक टन और वेयरहाउस द्वारा 19,61,010 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है। इसके साथ ही निजी स्तर पर 1,73,458 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है। मंडियों में से 114.55 लाख मीट्रिक टन गेहूं की लिफ्टिंग हो चुकी है। Harchand Singh Barsat
उन्होंने बताया कि पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले में सबसे अधिक गेहूं की आमद और खरीद हुई है। यहां 9,05,144 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है, जिसमें से 9,03,624 मीट्रिक टन सरकारी तथा 1520 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद निजी स्तर पर हुई है। जबकि दूसरे स्थान पर संगरूर में 9,00,700 मीट्रिक टन तथा तीसरे स्थान पर बठिंडा में 8,90,564 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है। उन्होंने बताया कि किसानों को फसल का भुगतान साथ-साथ उनके बैंक खातों में किया गया है। रबी सीजन 2026-27 के दौरान 2585/- रुपये से लेकर 2660/- रुपये प्रति क्विंटल तक गेहूं की खरीद हुई है।
स. बरसट ने कहा कि पंजाब राज्य की मंडियों में खरीद कार्य शुरू होने से पहले ही पुख्ता प्रबंध किए गए थे, जिसके तहत पीने योग्य स्वच्छ पानी, बिजली की लाइटें, सफाई, शौचालय, छाया तथा पंजाब मंडी बोर्ड के मुख्य कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई थी, जिससे किसान अपनी फसल को बिना किसी समस्या के बेचने में सफल हो सके हैं।
पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन ने सीजन के दौरान गेहूं के खरीद कार्यों को सुचारू ढंग से चलाने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा ईमानदारी और तनदेही से ड्यूटी निभाने की सराहना की। उन्होंने आढ़तियों, मजदूरों, किसानों, मंडी बोर्ड/मार्केट कमेटियों सहित विभिन्न एजेंसियों के अधिकारियों और कर्मचारियों का धन्यवाद किया, जिन्होंने मंडियों में खरीद कार्यों को सुचारू ढंग से चलाने में अहम योगदान दिया है।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/























