चंडीगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस के मनीष तिवारी ने भरा नामांकन
400 पार का शोर मचाने वाली बीजेपी को 150 सीटें भी नहीं मिल रहीं-मनीष
चंडीगढ, 15 मई (विश्ववार्ता) कांग्रेस उम्मीदवार मनीष तिवारी ने चंडीगढ़ लोकसभा सीट से आज नामांकन दाखिल कर दिया है। तिवारी ने नामांकन भरने से पहले रोड शो किया। इस रोड शो में मेयर कुलदीप कुमार, चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लकी और आम आदमी पार्टी प्रभारी एसएस आहलूवालिया समेत कांग्रेस और आप के कई नेता और कार्यकताओं की भीड़ जुटी।
हालांकि, तिवारी के रोड शो और नामांकन दोनों से चंडीगढ़ कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद पवन कुमार बंसल नदारद दिखे। जिसे लेकर जब मीडिया ने तिवारी के सामने सवाल उठाए तो तिवारी का कहना था कि, नामांकन भरने से पहले उन्होंने पवन बंसल से सुबह बात की है और उन्हें उनका पूरा आशीर्वाद मिला है। तिवारी ने कहा कि, पवन बंसल के साथ हमारे 40 साल से पारिवारिक संबंध हैं। कहीं कोई मन-मुटाव नहीं है। सब संगठित हैं।
दरअसल, चंडीगढ़ से संसदीय टिकट के लिए दावेदारी कर रहे पवन बंसल टिकट कटने के बाद से सक्रिय नहीं दिख रहे हैं। जबकि कांग्रेस उम्मीदवार की घोषणा होने से पहले पवन बंसल की सक्रियता साफ देखी जा रही थी। यह तय माना जा रहा था कि, कांग्रेस बंसल को ही उम्मीदवार बनाएगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
कांग्रेस ने पंजाब से सांसद मनीष तिवारी को चंडीगढ़ से टिकट दे दी। जिसके बाद पवन बंसल ने पार्टी की जनसभाओं से दूरी बना ली। जिसके पीछे उनकी नाराजगी मानी जा रही है। हालांकि पार्टी का कहना है कि कोई रूठा नहीं है। पवन बंसल का भी पूरा सपोर्ट पार्टी को मिल रहा है।
चंडीगढ़ लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि आज मैंने इंडया गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है। इससे पहले रोड शो में हज़ारों की संख्या में इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता यहां इक_ा हुए और नामांकन को बहुत बड़ा समर्थन दिया। तिवारी ने कहा कि, 4 जून को देश में एक नई सुबह होगी और चंडीगढ़ की भागीदारी उस नई सुबह में जरूर होगी। मनीष तिवारी का कहना है कि, 400 पार का शोर मचाने वाली बीजेपी को 150 सीटें भी नहीं मिल रहीं हैं।
वहीं मनीष तिवारी ने कहा कि, मैं हमारे लोकतंत्र को बचाने और हमारे सिटी ब्यूटीफुल में समृद्धि लाने की इस लड़ाई में लोगों का आशीर्वाद और समर्थन चाहता हूं और जिस तरह से मुझे लोगों का जबरदस्त प्यार और उत्साह मिल रहा है। यह इस बात का प्रमाण है कि चंडीगढ़ एक नए भविष्य को अपनाने के लिए तैयार है। चंडीगढ़ के निवासियों के समर्थन और प्रोत्साहन से अभिभूत हूं।
10 मई को संजय टंडन ने भरा था नामांकन
चंडीगढ़ सीट पर नामांकन दाखिल करने की आज अंतिम तिथि है। मनीष तिवारी से पहले बीजेपी के उम्मीदवार संजय टंडन ने 10 मई को ही अपना नामांकन दाखिल कर दिया था। इस बार मनीष तिवारी और संजय टंडन में कांटे की टक्कर होने वाली है। चंडीगढ़ में 1 जून को वोटिंग होगी। 4 जून को रिजल्ट आयेगा
























