
पंजाब की मंडियों में 129.76 लाख मीट्रिक टन गेहूं की हुई खरीद : स. हरचंद सिंह बरसट
— मंडियों में 129.90 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक, फसल की लिफ्टिंग के कार्योँ में लाई जा रही तेजी
— पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन की तरफ से समय-समय पर लिया जा रहा खरीद कार्यों का जायजा
एस.ए.एस. नगर ( मोहाली ) 14 मई, 2024 ( ) पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन स. हरचंद सिंह बरसट ने कहा कि रबी सीजन 2024-25 के दौरान पंजाब की मंडियों में गेहूं की निर्विघन खरीद के चलते अब तक मंडियों में पहुंचे 129.90 लाख मीट्रिक टन गेहूं में से 129.76 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है और साथ ही लिफ्टिंग की प्रक्रिया में भी तेजी लायी गयी है और अब तक 104.72 लाख मीट्रिक टन गेहूं की लिफ्टिंग हो चुकी है। मंडियों में खरीद कार्यों की समीक्षा के पश्चात स. बरसट ने कहा कि मंडियों में खरीद कार्य सुचारू ढंग से चल रहे हैं और जिन किसानों ने फसल बेच ली है, उन्हें साथ की साथ भुगतान किया जा रहा है, जिसके तहत 27503.88 करोड़ रुपये जारी किये जा चुके है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की मंडियों में गेहूं की खरीद को सुचारू ढंग से चलाने में जहां मंडी बोर्ड के अधिकारियों ने पूरी निष्ठा से ड्यूटी निभाई है, वहीं पंजाब सरकार, खरीद एजेंसियों के साथ-साथ किसानों, आढ़तियों और मजदूरों ने भी अपना पूरा सहयोग दिया है। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से शुरू हुआ रबी सीजन अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। सीजन के दौरान किसानों, आढ़तियों और मजदूरों की सुविधा के लिए मंडी बोर्ड की टीमों द्वारा पूरी खरीद प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है और फसल की खरीद को सुनिश्चित किया जा रहा है। स. बरसट ने खरीद कार्यों को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, एजेंसियों, किसानों और आढ़तियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी है और उनकी बेहतरी और अच्छे भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है।
स. बरसट ने आगे बताया कि पंजाब मंडी बोर्ड की 1907 निर्धारित मंडियों और 826 टेंपरेरी खरीद केंद्रों पर अब तक 129.90 लाख मीट्रिक टन गेहूं आया है, जिसमें से 129.76 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। इसमें से 122.57 लाख मीट्रिक टन गेहूं सरकारी एजेंसियों द्वारा और 7.19 लाख मीट्रिक टन गेहूं निजी स्तर पर खरीदा गया है। उन्होंने कहा कि अब तक मंडियों से 104.72 लाख मीट्रिक टन गेहूं की लिफ्टिंग हो चुकी है। बीते दिन मंडियों में 60410 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है, जबकि 63458 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है। अब तक पनग्रेन ने 39,27,945 मीट्रिक टन, एफ.सी.आई. ने 3,20,735 मीट्रिक टन, मार्कफेड ने 32,10,010 मीट्रिक टन, पनसप ने 29,34,544 मीट्रिक टन और वेयरहाउस ने 18,63,900 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की है। उन्होंने बताया कि अब तक पंजाब में सबसे ज्यादा गेहूं की आवक और खरीद संगरूर जिले में हुई है। यहां सरकारी और निजी स्तर पर 12,31,209 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है।






















