IPL-2025,Mumbai Indians ने Sunrisers Hyderabad को हराया
मुंबई की सात मैचों में तीसरी जीत
छह अंक लेकर तालिका में पहुंची सातवें स्थान पर
चंडीगढ़, 18 अप्रैल (विश्व वार्ता) मुंबई इंडियंस ने IPL के 18वें सीजन में लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली है। टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को 4 विकेट से हरा दिया। विल जैक्स ने 36 रन बनाए, उन्होंने बॉलिंग करते हुए 2 विकेट भी लिए। MI ने इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स को हराया था।
वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई ने बॉलिंग चुनी। बेहतरीन बॉलिंग के सामने हैदराबाद ने 5 विकेट खोकर 162 रन बनाए। मुंबई ने 18.1 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल कर लिया। रोहित शर्मा ने 26, रायन रिकेलटन ने 31 और सूर्यकुमार यादव ने 26 रन बनाए। हैदराबाद से कप्तान पैट कमिंस ने 3 विकेट लिए।
यह मुंबई की सात मैचों में तीसरी जीत है और वह छह अंक लेकर तालिका में सातवें स्थान पर है। वहीं, सनराइजर्स को सात मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा है और वह चार अंकों के साथ नौवें स्थान पर है।
लक्ष्य का पीछा करते हुए इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे रोहित शर्मा ने रियान रिक्लेटन के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन रोहित एक बार फिर बड़ी पारी खेले बिना 26 रन बनाकर आउट हो गए। रिक्लेटन बड़ी पारी की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन एक बार जीवनदान मिलने के बावजूद इसका फायदा नहीं उठा सके और 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिर सूर्यकुमार यादव भी 26 रन बनाकर आउट हो गए। तिलक वर्मा और कप्तान हार्दिक पांड्या ने कुछ अच्छे शॉट्स खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।
18वें ओवर की शुरुआत में मुंबई को जीत के लिए दो रन चाहिए थे और पहली गेंद पर तिलक ने सिंगल लिया, लेकिन अगली गेंद पर हार्दिक आउट हो गए। हार्दिक ने 21 रन बनाए। नए बल्लेबाज के रूप में उतरे नमन धीर पांचवीं गेंद पर खाता खोले बिना आउट हुए और मुंबई की जीत का इंतजार बढ़ गया। 19वें ओवर की पहली गेंद पर तिलक ने चौका लगाकर मुंबई को जीत दिलाई। तिलक 17 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 21 रन बनाकर नाबाद लौटे। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए कप्तान पैट कमिंस ने शानदार गेंदबाजी की और तीन विकेट झटके। उनके अलावा ईशान मलिंगा को दो और हर्षल पटेल को एक विकेट मिला।
























