राजधानी दिल्ली मे पानी का संकट लगातार बढता हुआ
आतिशी ने यूपी और हरियाणा सीएम को लिखी चिट्ठी
चंडीगढ़, 2 जून (विश्ववार्ता): दिल्ली में जारी पानी की कमी के बीच जल मंत्री आतिशी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मानसून आने तक एक महीने के लिए राष्ट्रीय राजधानी को अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है जल मंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली में अप्रत्याशित गर्मी और पानी की कमी से लोग परेशान हैं। ऐसे समय में भाजपा राजनीति न करे। जब तक मानसून नहीं आ जाता, अतिरिक्त पानी मुहैया करवाया जाए। उधर, जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सोमनाथ भारती ने सोशल मीडिया पर उपराज्यपाल से अनुरोध किया कि वे दोनों राज्यों की भाजपा सरकारों से बात करें और जल शोधक संयंत्रों के लिए कच्चा पानी दिलवाने की पहल करें।
दिल्ली में पानी की आपूर्ति में कमी के बीच जल मंत्री आतिशी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मानसून आने तक एक महीने के लिए दिल्ली को अतिरिक्त पानी छोड़ने का अनुरोध किया है। ताकि दिल्ली की जनता को पानी की कमी न हो। दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर कम से कम एक महीने के लिए यमुना नदी में अतिरिक्त पानी छोड़ने का अनुरोध किया है।
राजधानी में पानी को लेकर दिल्ली सरकार और हरियाणा सरकार के बीच सियासत गरमा गई है। जल मंत्री आतिशी का आरोप है कि रिकॉर्ड तापमान के बीच हरियाणा सरकार दिल्ली के हिस्से के पानी में कटौती कर रही है। ऐसे में दिल्ली सरकार ने पानी के हक के लिए अब सुप्रीम कोर्ट जाने का निर्णय लिया है। बीते बृहस्पतिवार को आतिशी ने आरोप लगाते हुए कहा था कि हरियाणा सरकार यमुना में पर्याप्त पानी नहीं छोड़ रही है। इससे दिल्ली में जल संकट गहराता जा रहा है।
























