
चुनाव नतीजों में झटके को लेकर यूपी पर मंथन, योगी के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री भी दिल्ली तलब
चंडीगढ, 7 जून: (विश्ववार्ता)लोकसभा चुनाव-2024 का रिजल्ट आ चुका है और इस रिजल्ट में उत्तर प्रदेश ने सबसे ज्यादा चौंकाया है। यहां मुख्यता योगी के क्रेज, भारी प्रचार और राम मंदिर मुद्दे के बावजूद बीजेपी कमाल नहीं कर पाई और बुरी तरह ढेर हो गई। यूपी में शिकस्त का परिणाम यह रहा है कि, बीजेपी के लिए अकले दम पर फिर से दिल्ली की कुर्सी पर बैठना मुश्किल हो गया। फिलहाल, उत्तर प्रदेश में इस हार को देखते हुए बीजेपी नेता सकते में हैं और मंथन का दौर शुरू हो चुका है। यूपी में हार को लेकर बीजेपी के बड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ दिल्ली बुलाए गए हैं। योगी के साथ-साथ यूपी के दोनों डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी दिल्ली तलब किए गए हैं। इसके साथ ही बीजेपी यूपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी को भी दिल्ली बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि, सीएम योगी आदित्यनाथ आज शाम दिल्ली पहुंचेंगे। यूपी के डिप्टी सीएम और यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी भी उसी वक्त दिल्ली में होंगे। कल होने वाली बीजेपी संसदीय दल की बैठक से पहले यूपी लोकसभा रिजल्ट को लेकर बैठक होने की उम्मीद है।
माना जा रहा है कि, यूपी में तगड़े झटके के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और बीजेपी हाईकमान के अन्य नेता सीटों के भारी नुकसान को लेकर मंथन करेंगे। यूपी को लेकर चर्चा की जाएगी। भारी प्रचार और राम मंदिर मुद्दे के बावजूद क्यों हारी बीजेपी? इसका आकलन किया जाएगा। बता दें कि, 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 62 सीटें मिली थीं। जबकि इस बार 2024 में बीजेपी करीब-करीब आधे पर ही सिमट गई।
बीजेपी इस बार मात्र 33 सीटें ही हासिल कर पाई और यूपी में अपनी मुख्य विपक्षी पार्टी सपा से पीछे हो गई। 2019 में 5 सीटें जीतने वाली समाजवादी पार्टी इस बार के लोकसभा चुनाव में यूपी में सबसे बड़ी पार्टी बनी और 37 सीटें हासिल कीं। इन 37 सीटों में भी कुछ पर बीजेपी की जीत में बीएसपी ने अहम भूमिका निभाई। इन सीटों पर अगर बीएसपी नहीं होती तो बीजेपी की हालत और खराब हो सकती थी।






















