
किसानों का लाडोवाल टोल प्लाजा पर चौथे दिन भी प्रदर्शन जारी
पंजाब का सबसे महंगा टोल आज भी फ्री
किसान पीछे हटने वाले नहीं- किसान संगठन
चंडीगढ, 19 जून, (विश्ववार्ता) लाडोवाल टोल प्लाजा पर पिछले चार दिनों से किसानों का जोरदार प्रदर्शन जारी है। वही आम जन मानस के लिए राहत की खबर है कि 1 लाख से अधिक वाहन बिना टोल टैक्स चुकाए गुजर चुके हैं। एनएचएआई को करीब 3 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। एनएचएआई प्रदर्शनकारी किसानों से समन्वय बनाने में असहाय साबित हो रहा है।
पंजाब का सबसे महंगा टोल प्लाजा लाडोवाल पिछले 72 घंटों से बंद है। बढ़े हुए टोल मूल्य के विरोध में चल रहा धरना चौथे दिन में प्रवेश कर गया है। किसान अपनी मांग पर अड़े हैं कि टोल 150 रुपये प्रति वाहन होना चाहिए, लेकिन एनएचएआई के अधिकारी किसानों की मांगों को नजरअंदाज कर रहे हैं। लाडोवाल टोल प्लाजा पर किसानों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है।
प्रदर्शनकारियों की संख्या रोजाना बढ़ रही है। किसानों को आसपास के गांवों से खाने-पीने के सामान के रूप में मदद भी मिल रही है। कुछ किसान शिफ्ट में खेतों में काम करने जाते हैं। काम खत्म होने के बाद वे प्रदर्शन में शामिल हो जाते हैं।
भारतीय किसान मजदूर यूनियन के प्रधान दिलबाग सिंह ने कहा कि आज लोगों को घरों से बाहर निकलने की जरूरत है। एनएचएआई द्वारा की जा रही लूट को बंद किया जाना चाहिए। लुधियाना से फिल्लौर जाने वाले वाहन चालक को 425 रुपये देने पड़ रहे हैं, जो लोगों की जेब पर डाका है।
किसान पीछे हटने वाले नहीं:
दिलबाग सिंह ने कहा कि उन्होंने एक दिन पहले अधिकारियों से बात की थी और मांगों का ज्ञापन सौंपा था, लेकिन किसी ने समाधान निकालने की कोशिश नहीं की। उन्होंने कहा कि भले ही केंद्र सरकार लाठीचार्ज आदि करे, लेकिन किसान पीछे हटने वाले नहीं हैं। लाडोवाल टोल प्लाजा पर प्रदर्शन कर रहे लोगों का काफिला लगातार बढ़ता जा रहा है।
आपको बता दें कि भारतीय किसान यूनियन के संगठनों ने नेशनल हाईवे पर स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा पर टोल रेट में की गई बढ़ौतरी के रोष के चलते अनिश्चितकाल के लिए धरना लगाकर सभी वाहनों को टोल फ्री कर दिया गया है। किसानों द्वारा मांग की जा रही है कि एन.एच.ए.आई. टोल की पुरानी दरों को फिर लागू करे। वहीं इसे लेकर टोल कंपनी का कहना है कि उन्हें करोड़ों का नुक्सान हो रहा है। इसे लेकर किसानों का कहना है कि वह मांग पत्र बना कर बैठे हैं, जिसे वह डी.सी. को सौपेंगे। उनका कहना है कि वह अपनी मांगे पूरी न होने तक धरना नहीं उठाएंगे।
इसे लेकर किसान नेता ने कहा कि पिछले 1 साल में टोल प्लाजा पर 3 बार रेट में बढ़ौतरी की गई है जिस कारण आम लोगों में भारी रोष है। टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले लोगों को पहले 1 महीने के लिए 150 रुपए का पास बनाया जाता था परंतु अब उस पास के रेट में बढ़ोतरी करते हुए 340 रुपए वसूल किया जा रहे हैं। अगर लाडोवाल या फिल्लौर के किसी व्यक्ति ने टोल प्लाजा के आसपास जाना होता है तो उसे काफी मुश्किल उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि जब यह टोल प्लाजा शुरू हुआ था, तब आने-जाने का टोल 125 रुपए वसूल किए जाते थे पर अब कंपनी 400 रुपए वसूल कर रही है। इसके चलते टोल प्लाजा पर अनिश्चित काल के लिए अपना धरना लगा दिया गया है जब तक नैशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी टोल रेट में की गई बढ़ौतरी को वापस नहीं लेते, तब तक किसान यूनियन के सदस्य टोल प्लाजा पर धरना देकर इसी तरह अपना प्रदर्शन करते रहेंगे।






















