चंडीगढ नगर निगम की अहम बैठक इस तारिख को
नव निर्वाचित सांसद मनीष तिवारी पहली बार करेंगे शिरकत
चंडीगढ, 9 जून: (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ नगर निगम की बैठक 11 जून मंगलवार को होने वाली है। इस बैठक में चंडीगढ़ के गठबंधन से नव निर्वाचित सांसद मनीष तिवारी पहली बार शिरकत करेंगे। अब नगर निगम में गठबंधन का पूर्ण बहुमत है।
बैठक की अध्यक्षता मेयर कुलदीप कुमार करेंगे। इसमें 11 मार्च को हुई 333वीं मीटिंग और 15 मार्च को हुई नगर निगम के सदन की 334वीं बैठक के मिनट्स को भी मंजूरी दी जाएगी। सदन में सेक्टर-25 के शमशानघाट के रिनोवेशन और अपग्रेडेशन का भी प्रस्ताव आएगा। निगम ने करीब 7 करोड़ रुपये से इसे अपग्रेड करने की योजना बनाई है।
सेक्टर-16 के रोज गार्डन और सेक्टर-33 के टैरेस्ड गार्डन को दिव्यांग फ्रेंडली बनाने के लिए कई सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इस एजेंडे को भी चर्चा के बाद हरी झंडी दी जा सकती है। डड्डूमाजरा के डंपिंग ग्राउंड साइट पर 10 टीपीएच क्षमता का एक ऑटोमेटेड म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट सेग्रीगेशन प्लांट का एजेंडा भी आएगा। नगर निगम सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए और लोगों की शिकायतों को दूर करने के लिए चंडीगढ़ के अलग-अलग पांच स्थानों पर फील्ड ऑफिस का निर्माण करने और पांच सैनिटेशन बूथ बनाने का एजेंडा भी इस सदन लेकर आएगा।
इसके अलावा 31 पब्लिक टॉयलेट को एस्पिरेशनल टॉयलेट में तब्दील करने के लिए अतिरिक्त फंड की मंजूरी, सीवरेज की सफाई के दौरान होने वाली मौत या विकलांगता के मामले में संशोधित मुआवजे को अपनाने और कई विकास कार्यों के एजेंडों पर भी चर्चा होगी।






















